चंडीगढ़ - अग्रजन पत्रिका ब्यूरो-पंजाब के लुधियाना के संसद रवनीत बिट्टू का एक ऑडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह कहते सुनाई दे रहे हैं कि अगर किसान आंदोलन कोई हल नहीं निकला तो वे लाशें बिछा देंगे। किसान आंदोलन के दौरान दिल्ली में दिए गए इस बयान को भाजपा पंजाब ने आड़े हाथों लेते हुए बिट्टू को सवालों में घेर लिया है और उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। आज मंगलवार को पंजाब भाजपा प्रधान अश्विनी शर्मा ने कहा- 1984 के कत्लेआम में पंजाबियों की लाशें बिछी थीं, क्या उसके बाद कांग्रेस को शांति नहीं मिली जो अब और लाशें बिछाने की बात कर रहे हैं, अब किसकी लाशें बिछाना चाहते हैं ये। अश्विनी शर्मा ने कहा कि बिट्टू लोकसभा सदस्य हैं और सीनियर नेता हैं। किसान आंदोलन की आड़ में वे जो भी बोल रहे हैं, इससे कांग्रेस की मानसिकता का पता चलता है। उन्होंने डीजीपी पंजाब से बिट्टू के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की है और कहा है कि बुधवार से भाजपा पूरे प्रदेश में जिला स्तर पर प्रदर्शन करेगी। युवा भाजपा बिट्टू का पुतला जलाएगी व एसपी दफ्तर में शिकायत देगी। दो जनवरी को लुधियाना में बिट्टू के खिलाफ अनियमित समय के लिए धरने की शुरुआत करेगी जब तक कि बिट्टू के खिलाफ मामला दर्ज नहीं हो जाता। उन्होंने पंजाब में चल रहे घटनाक्रम को लेकर कहा की किसान आंदोलन की आड़ में पंजाब की अमन शांति को भंग करने की कोशिश की जा रही है। 25 दिसंबर को भारत रत्न व देश के पूर्व प्रधान मंत्री के जन्मदिवस को पूरे देश में मनाया गया। 12 बजे प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी ने लाइव देश को संबोधित करना था। इसमें पूरे देश में लोग इकट्ठा हुए। लेकिन पंजाब के बठिंडा में इस दौरान जो गुंडागर्दी हुई उसे लेकर पार्टी का मानना है कि किसान ऐसा नहीं कर सकते। सिर्फ बठिंडा ही नहीं, 26 और जगहों पर भी भाजपा का सम्मेलन खराब करने की कोशिश की गई और इसमें पुलिस की भूमिका भी सवालों के घेरे में है।
पुलिस के 4 से 5 कर्मचारियों की तरफ से आकर कहा कि किसान आ गए हैं भागो भागो। उसके बाद 30 से 35 लोग और आए जिन्हें हम किसान नहीं मानते। इन्होंने किसानों के भेष में आकर लाठियां भी चलाईं व कुर्सियां भी तोड़ीं। भारत रत्न वाजपेयी जी की तस्वीर तोड़ी। इसमें एक कार्यकर्ता को 22 टांके लगे व एक महिला कार्यकर्ता की बाजू में फ्रैक्चर आ गया। अगले दिन जब मैं इस घटना के बाद बठिंडा गया जो पीड़ित महिला कार्यकर्ता ने बताया कि उसे पुलिस ने लाठी मारी है। इसके बाद पुलिस पर सवाल उठना लाजमी है क्योंकि इंडोर प्रोग्राम को पुलिस ने अंदर आकर बंद करवाया था।