अधिकारी ना होने से सफीदों नगरपालिका में कामकाज बंद
रजिस्ट्रियों के लिए एनओसी को लेकर लोग खा रहे है धक्के
रामभरोसे चल रही है सफीदों पालिका: सेवाराम सैनी
सफीदों, (सतीश मगंला): सफीदों नगरपालिका में अधिकारी ना होने को लेकर यहां का कामकाज लगभग ठप्प है। यहां के नागरिक अपने कार्यों को लेकर हर रोज यहां आते हैं और मायूस मन के साथ वापिस लौट जाते हैं। सबसे ज्यादा परेशानी रजिस्ट्रयों के लिए पालिका की एनओसी को लेकर आ रही है। नगरपालिका कार्यालय में प्रमुख पदों पर लंबे समय से अधिकारियों की तैनाती ना होने के कारण कामकाज रुके पड़े हैं। ऐसी स्थिति में बेबस नगरपालिका अध्यक्ष सेवाराम सैनी ने यहां तक कह दिया कि सफीदों नगरपालिका रामभरोस चल रही है। अपने कार्यों को लेकर हररोज यहां आ रहे नागरिक ने पालिका परिसर में अपना रोष भी जाहिर किया है। हंगामा करने वाले लोग सफीदों के सब रजिस्टार के पास भवन की खरीद-फरोख्त से संबंधित वसीका दर्ज करवाने के लिए पालिका के अनापत्ति प्रमाण पत्र के लिए आए थे जिन्हें दफ्तर में इस काम के लिए सक्षम कर्मचारी नहीं मिले। लोगों ने सपस्ट किया कि यदि शीघ्र अनापत्ति प्रमाण पत्र की व्यवस्था नहीं की जाती तो वे उपमंडल काम्प्लेक्स में धरना देने को विवश होंगे। लोगों ने कहा कि नगरपालिका में अधिकारियों की लगभग सीटों पर कोई नियुक्ति नहीं है और बाहर के अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार दिया गया है जोकि महीने में कभी-कभी ही आते हैं। वे यहां अपने कामों के लिए आते है तो उन्हे यह टका सा जवाब दे दिया जाता है कि संबंधित अधिकारी की पोस्टिंग नहीं है और जिस को प्रभार दिया गया है वह आज आया नहीं है। पालिका अध्यक्ष सेवाराम सैनी ने बताया कि इस पालिका में सचिव का पद रिक्त है, म्यूनिसिपल इंजीनियर का पद लम्बे समय तक रिक्त रहने के बाद जींद के म्युनिसिपल इंजीनियर भूपेंद्र अहलावत को सफीदों का अतिरिक्त कार्यभार दिया गया लेकिन वह महीना भर में कभी ही यहां आए हैं। उन्होंने बताया कि कनिष्ठ अभियंता का पद पिछले 8 माह से रिक्त है और भवन निरीक्षक के पद का कार्यभार भी अतिरिक्त रूप से जुलाना नगर पालिका के भवन निरीक्षक सुशील कुमार के पास है और वह भी महीने भर में मुश्किल से 2 बार सफीदों में आते हैं। पालिकाध्यक्ष ने बताया कि सफाई निरीक्षक का पद भी लंबे समय तक रिक्त रहने के बाद यहां करमचंद को तैनाती मिली जिसे अब करनाल भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि स्थानीय शासन मुख्यालय इस और कतई ध्यान नहीं दे रहा है जबकि परेशान लोग पालिका परिसर में आकर हंगामा करते हैं और ऐसे में उन्हें व नगर पार्षदों को बेवजह लोगों की नाराजगी झेलनी पड़ रही है। पालिकाध्यक्ष ने कहा कि ऐसे में पालिका की आय भी बुरी तरह से प्रभावित हो रही है। उन्होंने बताया कि अनापत्ति प्रमाण पत्र म्युनिसिपल इंजीनियर की रिपोर्ट पर सचिव जारी करता है।
फोटो कैप्शन 1.: अपने कार्यों को लेर पालिका मे आए लोग।
फोटो कैप्शन 2.: लोगों से रूबरू होते हुए पालिकाध्यक्ष सेवाराम सैनी