अम्बाला, 15 अक्तूबर--- अग्रजन पत्रिका ब्यूरो--
हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार द्वारा दो दिवसीय ऑनलाईन वर्चुअल मेल (13 से 14 अक्तूबर) का आयोजन किया गया। कृषि विज्ञान केन्द्र अम्बाला शहर के प्रभारी ने केन्द्र परिसर पर मेला देखने की उचित व्यवस्था की ताकि किसान भाई, महिलाएं व कृषि अधिकारी कृषि सम्बन्धित नवीनतम जानकारी, नए उपकरणों की जानकारी, अपनी समस्याओं का वैज्ञानिकों द्वारा निदान, हरियाणा के सभी जिलों के अग्रणीय किसानों की सफलता की कहानी उन्हीं की जुबानी, सभी ऑनलाईन देख सकें व सुन सकें। मेले के मुख्य अतिथि प्रदेश के कृषि कल्याण मंत्री जे.पी. दलाल ने किसानों को परम्परागत खेती की बजाए कृषि विविधिकरण को अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कृषि विश्वविद्यालय के वाइस चांसलर प्रो0 डा0 समर सिंह ने किसान उत्पादन समूह बनाने पर बल दिया ताकि किसान भाई अपनी खेती से उचित मुनाफा कमा सकें। वर्चुअल मेले के दोनों दिन लगभग 20 गांवो से 105 किसान भाइयों एवं महिलाओं ने हिस्सा लिया, वैज्ञानिक जानकारी हासिल की और अपनी समस्याओं का समाधान प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त गांव फजैलपुर, बलाना, हमीदपुर, छन्नी व मंडौर के किसान भाइयों ने गांव में ही मेले को देखा और इसका लाभ उठाया। मेले की मुख्य कमी रही फसल अवशेष प्रबंधन, केन्द्र के सभी वैज्ञानिक डा0 देवेन्द्रा चहल, सुनीता आहुजा, डा0 विनय महला, डा0 वंदना, वेद प्रकाश व डीडीए एवं डीएचओ विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी भी मेले में दोनों दिन विशेष रूप से उपस्थित रहे।