यमुनानगर ( अग्रजन पत्रिका ब्यूरो): यमुनानगर पुलिस ने बुधवार को 1 किलो 200 ग्राम अफीम के साथ एक नेपाली युवक को गिफ्तार किया है। वह नेपाल से अफीम लेकर यमुनानगर आया था। पुलिस ने नाकाबंदी करके गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को कोर्ट में पेश कर पुलिस ने रिमांड पर लिया है।
यमुनानगर स्पेशल डिटेक्टिव स्टाफ यूनिट के इंचार्ज जोगिंद्र सिंह ने बताया कि टीम को सूचना मिली थी कि एक युवक नशीले पदार्थ लेकर आ रहा है। गुप्त सूचना के आधार पर बुधवार को एक टीम गठित की गई और अंसल टाउन के पास नाकाबंदी कर दी गई। कुछ देर बाद एक युवक बाइक पर आता दिखाई दिया। टीम ने उसे रोका और मौके पर ड्यूटी मैजिस्ट्रेट तहसीलदार छोटू राम को बुलाया गया।
टीम ने उनके साथ युवक की तलाशी ली तो उसके पास से 1 किलो 200 ग्राम अफीम बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी की पहचान नेपाल के राज्य जनकपुर के जिला परसा नारायणी के रविंद्र गिरी के नाम से हुई। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर कोर्ट में पेश कर उसे रिमांड पर लिया गया है, ताकि पूरे मामले की जांच हो सके।
नेपाल से लाया था अफीम
इंचार्ज जोग्रिंद सिंह ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी रविंद्र नेपाल से करीब डेढ़ महीने पहले आया था और यमुनानगर की अंसल टाउन में किराये के मकान में रहता था। वह पंद्रह दिन पहले वापिस नेपाल चला गया और बुधवार को भारी मात्रा में अफीम लेकर बाइक पर सवार होकर यमुनानगर आया था।
जिसे टीम ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी से जो नशीले पदार्थ मिले है, उसकी कीमत लाखों रूपये बताई जा रही है। आरोपी ने यह नशे की खेप आस पास ही बेचनी थी। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि आरोपी यह अफीम नेपाल के गांव टिनडूबिया निवपासी खूमारी से लेकर आया था।