अम्बाला, 9 मई:- अग्रजन पत्रिका के लिए सत्यनारायण गुप्ता- मुख्यमंत्री हरियाणा मनोहर लाल ने चण्डीगढ़ से वीडियो कॉन्फ्रैसिंग के माध्यम से प्रदेशभर के उपायुक्तों और सम्बन्धित अधिकारियों एवं लघु सूक्ष्म उद्योग (छोटे उद्योगों) के प्रतिनिधियों के साथ चर्चा करते हुए उद्योगों संबधी विषय को लेकर चल रही गतिविधियों के बारे जानकारी ली तथा उनके सुझाव भी जानें। इसके अलावा उन्होंने उद्योग सम्बन्धित उद्योगपतियों को आ रही समस्याओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने लघु उद्योग से संबधी सभी विषयों जैसे लेबर संबधी समस्या, उद्योग संबधी बिजली के बिल बारे, वेजिज, लेबर पोलिसी, फिक्ड चार्जस आदि विषयों पर विस्तार से चर्चा की। इस मौके पर उनके साथ डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने वीसी के दौरान बताया कि लघु उद्योगों सहित सभी की हमें चिंता है, छोटे उद्योगों में बहुत से वर्कर लगे होते हैं। लॉकडाउन के दौरान सरकार द्वारा पूरजोर तरीके से कौशिश की गई है कि सभी लघु उद्योगों को निर्धारित मापदंडों के तहत खोला जा सके और इस दिशा में कार्य भी किए गये हैं और लघु उद्योग खोले भी गये हैं। उन्होंने लघु उद्योगों के प्रतिनिधियों से कहा कि अन्य राज्यों की अपेक्षा प्रदेश सरकार द्वारा उद्योगों से सम्बन्धित बेहतर निर्णय पहले भी लिये गये हैं और कोविड-19 के चलते संकट की इस घड़ी में लघु उद्योग फिर से पटड़ी पर आ सकें इसके लिए उद्योगों को खोलने का काम भी किया गया है। उन्होंने कहा कि उद्योगपति, वर्कर सभी के सहमति के साथ ही उद्योगों को चलाया जा सकता है और सरकार इस दिशा में कार्य भी कर रही है। उन्होंने कहा कि उद्योगपतियों ने वर्करों को अपने परिवार की तरह रखकर जो कार्य किए हैं वह सराहनीय है और आगे भी वह इस कार्य को निरंतर करेंगे ऐसा उन्हें विश्वास है। उन्होंने कहा कि लॉकडाउन के तहत अब कुछ छुट दी गई है तथा अब उद्योग भी खुल गये हैं, इसलिए वे प्रयास करे कि लेबर यहीं पर रहे। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार द्वारा प्रवासी श्रमिकों को घर भेजने का काम भी किया जा रहा है और यह कार्य बिल्कुल निशुल्क किया गया है। एक तरफ जहां अपने गृह क्षेत्रों में लेबर पलायन कर रही है वहीं पहले से ही यानि होली से पहले जो प्रवासी अपने घर गये थे उन्होने भी रजिस्ट्रेशन करवाते हुए वापिस आने के लिए आवेदन कर दिया है। आने वाले कुछ दिनों में लेबर संबधी सभी समस्याओं का निदान हो जायेगा। मुख्यमंत्री ने उद्योगपतियों द्वारा रखी गई समस्याओं को विस्तारपूर्वक सुना और अधिकतर समस्याओं का उन्होंने निदान किया तथा जो समस्याएं उनकी शेष रह गई हैं उन पर भी जल्द से जल्द समाधान किए जाने की बात कही। उन्होंने छोटे उद्योगों में बिजली बिल संबधी समस्या के बारे में कहा कि 15 मई तक बिजली बिल भरने के लिए कहा गया था लेकिन अब सम्बन्धित उद्योगपति निर्धारित व्यवस्था (मापदंड के तहत) 31 मई तक यह बिल भर सकता है। प्रदेशभर के लघु उद्योगपतियों ने सरकार द्वारा लॉकडाउन में उद्योगपतियों के लिए खोलने संबधी निर्णय की भी सराहना की।
उपायुक्त अशोक कुमार शर्मा ने वीसी के दौरान मुख्यमंत्री को अवगत करवाया कि अम्बाला जिले में निर्धारित हिदायतों के अनुरूप लगभग 800 छोटे उद्योग खोलने का काम किया गया है तथा 15000 से अधिक लेबर ने भी काम करना शुरू कर दिया है और जिले में लेबर संबधी कोई समस्या नहीं है। यह लेबर फैक्टरियों के आस पास ही गांव में रहती हैं। उन्होंने यह भी बताया कि लघु उद्योगों ने जैसे ही पोर्टल पर अप्लाई किया उन्हें परमिशन देने का काम भी तुरंत किया गया। उद्योगपति संजय गुप्ता ने लघु उद्योग से सम्बन्धित कुछ समस्याएं मुख्यमंत्री के समक्ष रखी तथा जिला प्रशासन द्वारा उद्योगपतियों के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना की। इस मौके पर नगराधीश कपिल शर्मा, उद्योगपति संजय गुप्ता, शुभ आदेश मित्तल, राजबीर चौधरी, संजीव, सुभाष कुमार सहित अन्य मौजूद रहे।