अम्बाला, 23 फरवरी:- अग्रजन पत्रिका से इंद्रा गुप्ता-गृह, शहरी स्थानीय निकास एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कहा कि लोगों की समस्याओं का समाधान करना और उन्हें संतुष्ट करना उनका ध्येय है। उनके पास समस्याएं लेकर आने वाले लोगों की समस्याओं का समाधान हो रहा है तथा उनका विश्वास भी बढ़ा है। लोगों का विश्वास वह टूटने नही देंगे। जनता दरबार में पुलिस विभाग से सम्बन्धित ही नही, पंचायती राज, स्थानीय निकाय व अन्य विभागों से सम्बन्धित शिकायतें भी उनके पास पंहुच रही हैं। गृह मंत्री आज अपने शास्त्री कालोनी अम्बाला छावनी स्थित निवास स्थान पर जनता दरबार के दौरान लोगों की समस्याओं को सुनने के उपरांत पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इस अवसर पर उनके निवास स्थान पर प्रदेश के कोने-कोने से अपनी समस्याएं लेकर आए लोगों की भारी भीड़ मौजूद थी।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए गृह मंत्री ने कहा कि वे जनता के वकील हैं तथा जनता की समस्याओं का समाधान करने के लिये वह तत्पर हैं तथा समय-समय पर जनता से सम्बन्धित जो भी समस्या या शिकायत या अन्य बात है, उसे उठाने व समाधान करवाने का काम किया है और वह जनता के हकों के लिये लड़े भी हैं। उन्होंने यह भी कहा कि जिस दिन उनके आवास के बाहर लोगों की भीड़ कम होगी, उस दिन वह मानेंगे कि लोगों की शिकायतों का समाधान उनके गृह जिलों में अधिकारियों द्वारा किया जाना सुनिश्चित हुआ है। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग से सम्बन्धित लोगों की शिकायतों का निपटान उनके क्षेत्र में ही हो, इसके लिये प्रदेश के सभी एस.पी. को निर्देश दिये हैं कि वे प्रतिदिन 11 से 12 बजे तक लोगों को समस्याओं को सुनना सुनिश्चित करें। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कुमारी सैलजा व कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला के ब्यानों पर पत्रकारों द्वारा पूछे गये सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी 36 बिरादरी की पार्टी है। कांग्रेस ने हमेशा जाति, धर्म व क्षेत्र के आधार पर लोगों को भडक़ाने का काम किया है। पहले भी वह ऐसा काम कर चुके हैं। कांग्रेस के समय में भ्रष्टाचार चरम सीमा पर था। कांग्रेस को अपने समय का भ्रष्टाचार आज भी नजर आ रहा है और वह झूठी ब्यानबाजी करके लोगों को गुमराह करने का काम कर रहे हैं।
जनता दरबार के दौरान हरियाणा प्रदेश के कोने-कोने से आकर लोगों ने अपनी-अपनी शिकायतें गृह मंत्री के समक्ष रखी। शिकायतें रखने वालों में महिला-पुरूषों की लम्बी-लम्बी लाईने लगी हुई थी। यमुनानगर जिला के गांव मलिकपुर खादर निवासी फारूख ने मौजूदा सरपंच जसविन्द्र सिंह द्वारा गांव के रास्ते में से बजरी निकालकर उसका अपने निजी कार्य के लिये प्रयोग करने बारे व घर के आगे ही पंचायत की जमीन की चारदिवारी कर उसको हथियाने बारे गृह मंत्री का अवगत करवाया। इसी प्रकार आदमपुर के गांव मोहब्बतपुर निवासी सुदेश कुमार ने अपनी शिकायत में बताया कि उसके पति जगदीश ने वर्ष 2018 में आत्महत्या कर ली थी। उसने आरोप लगाया कि उसका जेठ जोकि पुलिस विभाग में डीएसपी के पद पर तैनात है, उसने जगदीश की मौत के 45 दिन बाद झूठा आरोप पत्र तैयार करके उस पर ही मामला दर्ज करवा दिया है। इतना ही नही सुदेश कुमारी को अपनी 11 वर्षीय बेटी को भी जान का खतरा है। इस मामले में उचित कार्रवाई किये जाने बारे उसने गृह मंत्री से गुहार लगाई।
पानीपत जिला से दि लहौरी, दि धर्मा प्राइवेट बस यूनियन के प्रतिनिधियों ने गृह मंत्री को अपनी लिखित प्रार्थना पत्र में बताया कि पानीपत डिपो में तैनात चालक अनिल कुमार पानीपत बस स्टैंड के बूथ पर उनकी बसें नही लगने देता है और पैसों की डिमांड करता है। दो दिन पहले उसने प्राइवेट ड्राइवर हरीश व उसके पिता हवा सिंह के साथ मारपीट की थी। इस सम्बन्ध में पुलिस में शिकायत देने के बावजूद भी कोई कार्रवाई नही की जा रही। पानीपत जिला के गांव अटावला के सरदारा पुत्र रामदिया ने अपनी शिकायत में कहा कि गांव की गली व उसके प्लाट पर 18 साल से नजायज कब्जा एक व्यक्ति द्वारा किया हुआ है। इसकी शिकायत कईं बार उच्च अधिकारियों को की जा चुकी है लेकिन नजायज कब्जा नही हटाया गया है। नारनौल-महेन्द्रगढ़ से आये सुभाष चन्द व उसके परिजनो ने अपनी शिकायत में कहा कि उनकी पुत्री पूजा के साथ दिल्ली पुलिस में तैनात एक कर्मचारी ने छेड़छाड़ की, जिसका केस महिला थाना नारनौल में दर्ज है। पुलिस आरोपी के साथ मिलीभगत कर उन्हें धमका रही है और कोई कार्रवाई नही कर रही। यमुनानगर जिला के गांव जोडियां की महिला मनजीत पत्नी रिषी पाल व मोना पत्नी सुरजीत आदि ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि गांव में एक व्यक्ति अवैध रूप से शराब बेचने का काम करता है, जिसने उनके साथ छेड़छाड़ की, जिसकी शिकायत उन्होंने 20 जनवरी को महिला थाना यमुनानगर में की थी। पुलिस ने आरोपी के साथ मिलकर उल्टा हमारे ही घर के पुरूषों के विरूद्ध मारपीट का केस दर्ज किया है। यमुनानगर जिला के नितिन ने अपनी शिकायत में बताया कि वह एक संगठन से जुड़ा हुआ है तथा उसने यमुनानगर जिला में खुलेआम नशा बिकने की शिकायत की थी। अब बदमाशों द्वारा पिछले दिनों उसके साथी मोहित पर जानलेवा हमला कर दिया गया तथा उसकी दुकान भी तोड़ दी गई। इस मामले में उचित कार्रवाई किये जाने की मांग की। गृह मंत्री ने कहा कि नशे का अवैध कारोबार किसी भी सूरत में बर्दाशत नही किया जायेगा। अवैध नशे की बिक्री को उजागर करने वाले व्यक्ति पर जो हमला हुआ है, उसमें सम्बन्धित आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जायेगी।
इस मौके पर डीएसपी रामकुमार, सोम चोपड़ा, ललित चौधरी, मीडिया कोर्डिनेटर विजेन्द्र चौहान, आशीष तायल सहित भाजपा के अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद थे।